बरेली
अब तीन सौ बेड अस्पताल में घायलों का होगा प्राथमिक उपचार, जनरल सर्जन की हुई तैनाती

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अधूरी सुविधाओं के साथ संचालित तीन सौ बेड अस्पताल में सोमवार से सेवाओं का दायरा बढ़ेगा। अस्पताल में जनरल सर्जन की तैनाती कर दी गई है। वह सोमवार से सेवाएं देंगे। घायलों को यहां प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। जरूरत महसूस होने पर उनकी सीटी स्कैन जांच भी कर दी जाएगी। जिला अस्पताल पहुंचकर सीटी स्कैन के लिए दोबारा तीन सौ बेड अस्पताल आने की जरूरत नहीं होगी।
तीन सौ बेड अस्पताल में सुबह आठ से अपराह्न दो बजे तक ओपीडी, मॉडल रैबीज सेंटर और टीबी क्लीनिक का संचालन हो रहा है। फिजिशियन, नेत्र, दंत और त्वचा रोग विशेषज्ञ ही मरीजों को परामर्श दे रहे हैं। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने एक जनरल सर्जन की तैनाती कर दी है। वह ओपीडी की समयावधि यानी सुबह आठ से अपराह्न दो बजे तक सेवाएं देंगे। घायलों की उचित जांच और इलाज के बाद उन्हें जरूरत के अनुसार परामर्श देंगे। हालांकि, भर्ती मरीजों को करने की व्यवस्था न होने से गंभीर घायलों को इलाज के लिए हायर सेंटर पर ही पहुंचना होगा।



