शामली
सेंट द्रोण पब्लिक स्कूल में बसंत पंचमी पर कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बा के सेंट द्रोण पब्लिक स्कूल में बसंत पंचमी के अवसर पर विद्या की देवी माँ सरस्वती की विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन श्रद्धा और सादगी के साथ किया गया।आयोजन में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भक्तिभाव से सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक इंजीनियर अमन शर्मा एवं शिक्षकों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विधि-विधान से पूजा संपन्न कर धूप-दीप अर्पित किए गए। सामूहिक रूप से की गई माँ शारदे की वंदना से विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।पूजन के दौरान बच्चों ने हाथ जोड़कर माँ सरस्वती से बुद्धि, विवेक और उत्तम शिक्षा का वरदान मांगा। छात्र-छात्राओं ने पंक्तिबद्ध होकर माँ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों को बसंत पंचमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि माँ सरस्वती अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाती हैं। इसके बाद माँ सरस्वती की आरती उतारी गई तथा विद्यालय की उन्नति और सभी के कल्याण की प्रार्थना की गई।पूजन कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के सभी बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों को प्रसाद वितरण किया गया। सादगी और शुद्ध भावनाओं के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति आस्था को और अधिक मजबूत किया।


