शामली
बारिश और सर्द हवाओं का कहर, कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त
जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत, नगर पालिका की लापरवाही पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे में देर रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज सर्द हवाओं ने ठंड को और अधिक बढ़ा दिया है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ठंड और बारिश के कारण लोग आवश्यक कार्यों को टालकर घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं बाजारों और सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते नगर पालिका क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कस्बे की कई प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील होती दिखाई दे रही हैं। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह पानी भरे होने से दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना हुआ है, वहीं पैदल चलना भी दूभर हो गया है। कस्बे के लोगो ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते बड़े नालों की सफाई करवाई गई होती, तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने बताया कि कस्बे के बड़े नाले गंदगी और कचरे से अटे पड़े हैं, जिसके चलते बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा और सड़कों पर जमा हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते जलभराव की समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल रूप लेती जा रही है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका तत्काल नालों की सफाई कराए और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


