पाकुड़ में क्रॉस कंट्री दौड़ में रंजीत किस्कू और सुलबंती सोरेन ने जीते शीर्ष स्थान
Ranjit Kisku and Sulbanti Soren won the top positions in the cross country race in Pakur.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। राष्ट्रीय मतदाता दिवस, सड़क सुरक्षा माह और 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा क्रॉस कंट्री दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। दौड़ का शुभारंभ रविवार को सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क स्थित वीआईपी रोड से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन परियोजना निदेशक आईटीडीए अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में बड़ी संख्या में लड़के और लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुरुष वर्ग में रंजीत किस्कू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुनील टुडु और विनोद सोरेन क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सुलबंती सोरेन प्रथम, बाहा मुनि हेम्ब्रम द्वितीय और सुहागिनी हांसदा तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप ₹10,000, ₹7,000 और ₹5,000 की राशि, जैकेट, हेलमेट और कॉफी मग प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण के समय प्रतिभागियों के चेहरे पर प्रसन्नता स्पष्ट रूप से देखी गई।
मौके पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक कर्तव्यों, सड़क सुरक्षा और सामाजिक एकता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किए जाते हैं। उन्होंने सभी से सामूहिक प्रयास के माध्यम से एकता और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण की अपील की। कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी, मुख्यालय डीएसपी जितेन्द्र कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएन आजाद, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा जिला एथलेटिक संघ, जिला साइक्लिंग संघ, रेड क्रॉस, चेंबर ऑफ कॉमर्स और विभिन्न स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय रहा। साथ ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस और सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता और सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। यह आयोजन युवाओं में सक्रिय नागरिकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला सफल प्रयास साबित हुआ।



