गाजियाबाद
कश्यप समाज पर हो रहे अत्याचार अब बर्दाश्त नहीं
लोनी विधानसभा में कश्यप समाज की चिंतन बैठक, सोनू कश्यप हत्याकांड की कड़ी निंदा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित राजीव गार्डन, कृपाल मैरिज होम में रविवार को कश्यप समाज की एक चिंतन बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में हाल ही में मेरठ में हुए सोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया । अधिकांश वक्ताओं ने कहा कि सोनू कश्यप की कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी, जिस कारण पूरे कश्यप समाज में आक्रोश व्याप्त है।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी राजपाल कश्यप, पूर्व सभासद आदेश कश्यप, डॉ. प्रमोद कश्यप, मछुआरा प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक मुकेश कश्यप, रोशनलाल कश्यप एवं उदयवीर कश्यप ने अपने संबोधन में इस जघन्य हत्याकांड की कड़े शब्दों में निंदा की। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
समाजसेवी जितेंद्र कश्यप ने बताया कि सोनू कश्यप हत्याकांड के विरोध में 16 जनवरी को मेरठ में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने सरकार से अपील की कि जिन लोगों पर गलत तरीके से मुकदमे लगाए गए हैं, उन्हें तत्काल वापस लिया जाए।
जितेंद्र कश्यप ने इस मामले में राजनीति करने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ छोड़कर समाज को न्याय दिलाने में सहयोग करें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही लोनी में लगभग 5000 लोगों की एक विशाल सभा आयोजित कर समाज की एकजुटता का प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता वीरेंद्र कश्यप प्रधान व आयोजन जितेन्द्र कश्यप सभासद ने किया।
बैठक में सचिन कश्यप, अर्पित कश्यप, लोकेश कश्यप, पिंकू कश्यप, विशाल कश्यप, इंद्रपाल कश्यप, राहुल कश्यप, जितेंद्र निषाद, सुशील निषाद, रतन कश्यप, पप्पू कश्यप, अमित कश्यप, रवि कश्यप सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


