दिवंगत डॉ. सुहासिनी बेसरा की जयंती पर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने मनाया सेवा दिवस, महेशपुर अस्पताल में मरीजों के बीच कंबल व फल का किया वितरण
MLA Prof. Stephen Marandi celebrated Seva Diwas on the birth anniversary of the late Dr. Suhasini Besra and distributed blankets and fruits to patients at Maheshpur Hospital.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर, पाकुड़।महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय प्रो. स्टीफन मरांडी ने अपनी दिवंगत धर्मपत्नी स्वर्गीय डॉ. सुहासिनी बेसरा की जन्म जयंती को सेवा और मानवता के भाव के साथ मनाते हुए महेशपुर अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच कंबल एवं फल का वितरण किया। इस अवसर को विधायक ने “सेवा दिवस” के रूप में मनाया। इस कार्यक्रम में विधायक की पुत्री, युवा नेत्री एवं झामुमो की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी भी उपस्थित रहीं। विधायक एवं उपासना मरांडी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पूरे अस्पताल परिसर में सेवा, संवेदना और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि जन्म जयंती जैसे अवसर केवल व्यक्तिगत स्मरण तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि इन्हें समाज के जरूरतमंद, पीड़ित और असहाय लोगों की सेवा के माध्यम से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इलाजरत मरीजों के बीच सेवा कार्य करने से उन्हें आत्मिक शांति और संतोष की अनुभूति होती है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों से भी संवाद किया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्रवासियों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में सदैव शामिल रहेगा। कंबल और फल पाकर मरीजों एवं उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी और राहत स्पष्ट रूप से देखने को मिली। मरीजों ने विधायक द्वारा किए गए इस मानवीय और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद, जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, जिला सह सचिव लाल मुहम्मद अंसारी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रूहुल अमीन, जिप सदस्य सामसुन मुर्मू, प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेंब्रम, प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, मईनुद्दीन अंसारी, इकबाल हुसैन उर्फ मिल्टन, अल्तमस हेंब्रम, प्रखंड कोषाध्यक्ष सुनील कुमार साह, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, सैकड़ों कार्यकर्ता, अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने दिवंगत डॉ. सुहासिनी बेसरा की जन्म जयंती पर श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए इस सेवा कार्य को प्रेरणादायी बताया।



