गाजियाबाद
किसानों की तिरंगा यात्रा के बाद डंपिंग ग्राउंड के विरोध में पंचायत
उच्च अधिकारी न आने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर सोमवार को किसानों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा आवास विकास परिषद की मंडोला विहार योजना से सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ शुरू होकर लोनी थाने तक गई और वापसी के बाद मीरपुर हिंदू गांव स्थित गोरखनाथ मंदिर में जाकर समाप्त हुई।
तिरंगा यात्रा के समापन के बाद मीरपुर हिन्दू गांव में डंपिंग ग्राउंड के विरोध को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत आयोजित की। पंचायत के दौरान उपजिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि डंपिंग ग्राउंड से संबंधित सभी निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगवाई जाए।
हालांकि मौके पर उपजिला अधिकारी के स्थान पर नायब तहसीलदार के पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। पंचायत में यह निर्णय भी लिया गया कि यदि उनका ज्ञापन लेने के लिए कोई उच्च अधिकारी मौके पर नहीं आता है, तो सभी ग्रामीण डंपिंग ग्राउंड पहुंचकर हो रहा निर्माण कार्य बंद कराएंगे।
वर्तमान में प्रशासन की ओर से इस मामले में कुछ समय मांगा गया है, लेकिन ग्रामीण अपने फैसले पर अडिग बने हुए हैं।

