गाजियाबाद
डासना जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा को प्रशासनिक उत्कृष्टता के लिए ‘हीरक पदक’ से नवाज़ा गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद। डासना क्षेत्र स्थित जिला कारागार, गाजियाबाद के जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा को जेल सुधार एवं प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए “हीरक पदक (DG Commendation Disc – Heerak)” से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग के महानिदेशक पी.सी. मीणा (DG Prisons, UP) द्वारा प्रदान किया गया।
हीरक पदक कारागार विभाग के सर्वोच्च प्रशस्ति सम्मानों में गिना जाता है। सीताराम शर्मा के नेतृत्व में डासना जेल में शिक्षा, पुनर्वास, अनुशासन और पारदर्शिता से जुड़े कई अहम सुधार लागू किए गए हैं। कैदियों के लिए शैक्षणिक कार्यक्रम, पुस्तकालय, डिजिटल साक्षरता, पुनर्वास योजनाएं और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था जैसी पहल के चलते डासना जेल ने एक आधुनिक सुधारगृह के रूप में नई पहचान हासिल की है।
सम्मान समारोह के दौरान जेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदार प्रशासन और मानवीय दृष्टिकोण का प्रतिफल है।
उल्लेखनीय है कि सीताराम शर्मा इससे पूर्व भी कई बड़े सम्मानों से अलंकृत हो चुके हैं। मुजफ्फरनगर जेल में किए गए सुधारात्मक कार्यों के लिए उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था, जबकि इससे पहले उन्हें सिल्वर मेडल भी प्राप्त हो चुका है।



