शामली
नई मुस्तफाबाद के प्राथमिक विद्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर उठे सवाल
समाजसेवी जावेद हसन ने सदर विधायक प्रसन्न चौधरी एवं जिलाधिकारी से की हस्तक्षेप की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे की नई मुस्तफाबाद बस्ती में स्थित प्राथमिक विद्यालय में वर्तमान में लगभग 250 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।विद्यालय की पुरानी और जर्जर भवन स्थिति तथा बरसात के मौसम में स्कूल परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या के चलते विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय भवन की बदहाल स्थिति को देखते हुए शासन स्तर से नए भवन के निर्माण के लिए धनराशि भी स्वीकृत की जा चुकी है। हालांकि, संबंधित विभाग द्वारा विद्यालय को वर्तमान स्थान के बजाय किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर नए भवन के निर्माण की योजना बनाई जा रही है, जिससे स्थानीय अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्यालय को नई मुस्तफाबाद के स्थान पर कहीं और स्थानांतरित किया गया तो छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं को दूर तक पैदल या साधनों से आना-जाना पड़ेगा, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित होने की आशंका है। विशेष रूप से गरीब और मजदूर वर्ग के बच्चों के लिए यह परेशानी और भी अधिक बढ़ जाएगी।छात्र-छात्राओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए समाजसेवी जावेद हसन ने सदर विधायक प्रसन्न चौधरी एवं जिलाधिकारी को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए मांग की है कि प्राथमिक विद्यालय का नया भवन उसी स्थान पर, नई मुस्तफाबाद बस्ती में ही बनाया जाए, जहां वर्तमान में विद्यालय संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का स्थान परिवर्तन बच्चों के हित में नहीं है और इससे उनकी पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। समाजसेवी और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है, ताकि क्षेत्र के बच्चों को निर्बाध और सुरक्षित शिक्षा का वातावरण मिल सके।


