शामली
सड़क हादसे में दो घायल,गड्ढों को लेकर सड़क पर उतरे लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के भारसी कट के पास नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अज्ञात कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढे इस हादसे का मुख्य कारण बने।हादसे में घायलों की पहचान भारसी निवासी लोकेंद्र पुत्र आनंदपाल और मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना निवासी शौकीन के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने लोकेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि शौकीन का उपचार सीएचसी में जारी है।घटना को लेकर जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण व स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क की जर्जर हालत को लेकर जमकर प्रदर्शन किय।प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बने गड्ढों को हादसों का कारण बताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की।प्रदर्शन करने में पुष्पेंद्र, बॉबी, सचिन, अनीश, कपिल सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।


