नॉकआउट फुल हैंड क्रिकेट टूर्नामेंट के बतौर मुख्यातिथि पहुंचे उपासना मरांडी
Upasana Marandi arrived as the chief guest of the Knockout Full Hand Cricket Tournament.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। महेशपुर प्रखंड अंतर्गत पलसा पंचायत क्रिकेट टूर्नामेंट समिति के तत्वावधान में नुनाडांगा मैदान में आयोजित 16 टीमों का पंचायत स्तरीय नॉकआउट फुल हैंड क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। टूर्नामेंट का आयोजन केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख के सहयोग से किया गया। फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में युवा नेत्री सह झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी उपस्थित रहीं। आयोजकों द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। फाइनल मुकाबले में महेशपुर और लखी नारायणपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जगह बनाई। टॉस जीतकर महेशपुर टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए लखी नारायणपुर की टीम ने 11.4 ओवर में 102 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए महेशपुर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 9 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर 103 रन बनाकर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने विजेता महेशपुर टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹27,000 नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता लखी नारायणपुर टीम को ₹18,000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उपासना मरांडी ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है, साथ ही आपसी भाईचारा, अनुशासन और खेल भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने युवाओं से खेल को करियर और बेहतर स्वास्थ्य के लिए अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष इकबाल हुसैन उर्फ मिल्टन, रदीपुर ओपी प्रभारी, उपमुखिया कबीरूल इस्लाम, प्रखंड सह सचिव हालिम शेख, बांकुरा पंचायत अध्यक्ष, पंचायत सचिव सादेकुल शेख उर्फ टॉनिक शेख सहित मुरशिद मोलिक, नासिर शेख, कदम रसूल, अबुल हसन, मोसिबुल शेख, खैर महमूद, साहेबराम, कालिदास सोरेन, एंथोनी हेंब्रम, अशरफुल शेख, निपेन माल, पोलास माल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, क्लब पदाधिकारी, सदस्य एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।



