शामली

जलभराव से बेहाल भड़ी मार्ग, ग्रामीणों का प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे के बिजलीघर के बराबर से भड़ी गांव को जाने वाली सड़क लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रही है। बारिश हो या न हो, सड़क पर करीब एक फुट तक पानी भरा रहता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क किनारे खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण दोपहिया और पैदल चलने वालों को खास दिक्कत होती है, वहीं चारपहिया वाहन भी अक्सर फंस जाते हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। सड़क पर भरा पानी आसपास के घरों से निकलकर आता है, लेकिन निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से यह यहीं जमा हो जाता है। इससे गंदगी फैल रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण फरमान, आसू, जावेद, सुभाष, सोनू और इकराम सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए इस सड़क से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
वर्जन
इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव राहुल कुमार ने बताया कि संबंधित स्थान पर सड़क नीचे है और आसपास का क्षेत्र ऊंचा होने के कारण पानी यहीं एकत्र हो जाता है। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार कर सड़क को ऊंचा कराने की योजना बनाई जाएगी, ताकि भविष्य में जलभराव से राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button