बरेली से बाहर भेजे गए अलंकार अग्निहोत्री
सिर पर अंगुली रख किया इशारा; समर्थकों में दिखा आक्रोश

बरेली । निलंबित पीसीएस अफसर अलंकार अग्निहोत्री को निजी वाहन से बरेली से बाहर ले जाया गया है। इस दौरान उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया। समर्थकों ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को हटा दिया।
बरेली में निलंबित पीसीएस अफसर अलंकार अग्निहोत्री को बुधवार दोपहर कड़ी सुरक्षा के बीच निजी वाहन से शहर से बाहर भेज दिया गया। इस दौरान उनके समर्थकों में जबर्दस्त आक्रोश देखने को मिला। समर्थकों ने अलंकार अग्निहोत्री को बरेली से बाहर न जाने देने के लिए रोकने का भरकस प्रयास किया। लेकिन पुलिस और प्रशासन अलंकार अग्निहोत्री को बरेली से बाहर भेजने में कामयाब रहा। आवास से बाहर आने से पहले अलंकार अग्निहोत्री ने एक इशारा भी किया। इसके बाद उनके समर्थकों ने रामपुर की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू दी। पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की भी की गई।
अलंकार ने किया ये इशारा-सरकारी आवास से निकलने से पहले अलंकार अग्निहोत्री अफसरों के साथ कुर्सी पर बैठे दिखाई दिए। उन्होंने पहले विक्ट्री का चिह्न दिखाया और एक अंगुली अपने सिर पर रखकर समर्थकों की तरफ इशारा किया।
अलंकार अग्निहोत्री का इशारा देख उनके समर्थक और आक्रोशित हो गए। समर्थक तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अलंकार अग्निहोत्री को उनके पारिवारिक मित्र जिनमें एक अधिकारी भी शामिल हैं, अपने साथ ले गए हैं।
हाउस अरेस्ट करने का लगाया था आरोप -बुधवार को सुबह अलंकार अग्निहोत्री सरकारी आवास से निकलकर गेट पर आए थे और मीडिया कर्मियों से खुद को हाउस अरेस्ट होना बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रशासन ने उन्हें आवास के अंदर ही रहने की हिदायत दी है और वह कानून को मानकर अपने आवास में ही रुके।
अलंकार ने कहा कि उन्हें उनके आवास से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि आपको बाहर न जाने देने के निर्देश मिले हैं। अग्निहोत्री ने कहा था कि उनके आवास पर अनावश्यक रूप से सीसी कैमरे लगा कर उनकी निजता का हनन किया जा रहा है।



