शामली
सघन वाहन चेकिंग अभियान, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती
एसपी एनपी सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में चला विशेष अभियान, सैकड़ों वाहनों के कटे चालान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधल। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के आदेश पर कस्बा कांधला में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख मार्गों व चौराहों पर चेकिंग करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा ट्रिपल राइडिंग से बचने के लिए जागरूक किया गया। वहीं चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के सैकड़ों चालान काटे। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का पालन न करने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वह स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस की इस कार्रवाई से कस्बे में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।


