मौसम ने फिर बदली करवट, ठंड ओर सर्द हवाओं का करना पड़ा सामना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। बुधवार को मौसम ने दिनभर करवट बदली, जिससे आमजन को ठंड और सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा। सुबह के समय आसमान में काले बादल छाए रहे, वहीं सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई। अचानक बदले मौसम से लोग खासे परेशान नजर आए और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखाई दिए।
सुबह के समय बादलों की मौजूदगी के कारण धूप नहीं निकल पाई, जिससे ठंड का असर अधिक महसूस किया गया। हालांकि कुछ देर बाद आसमान साफ हुआ और धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली। लोग धूप सेकते नजर आए, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। दोपहर करीब दो बजे एक बार फिर मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। इसके साथ ही सर्द हवाओं का दौर शुरू हो गया, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई।मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट और ठंडी हवाओं के चलते शाम के समय बाजारों और सड़कों पर भीड़ कम नजर आई। लोग जल्दी-जल्दी अपने घरों की ओर रुख करते दिखाई दिए। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए चिकित्सकों ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के मौसम में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, ठंडी हवाओं से बचने और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। बुधवार को कभी धूप तो कभी बादलों की आंख-मिचौली और सर्द हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया, जिससे जनजीवन पर इसका साफ असर देखने को मिला।


