एक माह से खराब पड़ी मुख्य पाइपलाइन को ठीक करने का कार्य जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। शहर में पिछले करीब एक माह से खराब पड़ी मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन को ठीक करने का कार्य बुधवार को भी जारी रहा। इस मरम्मत कार्य के चलते नगर पालिका द्वारा बुधवार सुबह करीब 10 बजे शहर की जलापूर्ति बंद कर दी गई थी, लेकिन शाम 7 बजे तक भी जलापूर्ति पूरी तरह सुचारू नहीं हो सकी। परिणामस्वरूप पूरे दिन शहर के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिनभर नलों में पानी नहीं आने से अधिकांश घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। हालात ऐसे रहे कि लोगों को मजबूरी में हैंडपंपों और अन्य वैकल्पिक स्रोतों से पानी भरते हुए देखा गया। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पानी की व्यवस्था करने में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई मोहल्लों में लोग बाल्टियां और डिब्बे लेकर दूर-दूर तक पानी की तलाश में भटकते नजर आए। नगर पालिका के जलकर जेई हर्षित गर्ग ने बताया कि मेरठ-करनाल मार्ग पर आरके इंटर कॉलेज के बाहर नगर पालिका की मुख्य पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही थी। इसी कारण पिछले कुछ समय से जलापूर्ति प्रभावित चल रही थी। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह 10 बजे से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने का कार्य शुरू किया गया। यह पाइपलाइन शहर की मुख्य सप्लाई लाइन है, जिसके चलते मरम्मत के दौरान पूरे शहर की जलापूर्ति बंद करनी पड़ी। जलापूर्ति बाधित होने से शहर के मोहल्ला पंसारियान, कलंदरशाह, रामसागर, नौकुआ रोड, झिंझाना रोड, काकानगर, दिल्ली रोड, सलेक विहार, सीबी गुप्ता कॉलोनी, नया बाजार, आजाद चौक सहित कई इलाकों में लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। इन क्षेत्रों में सुबह से लेकर शाम तक पानी की एक बूंद भी न मिलने से दैनिक कामकाज प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। बार-बार जलापूर्ति बंद होने से आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि पाइपलाइन की मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूरा कर जलापूर्ति बहाल की जाए, साथ ही भविष्य में इस तरह की समस्या से बचने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।
![]()


