जिला संयुक्त चिकित्सालय में एक्सरे मशीन खराब, मरीज परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय में बुधवार को लगातार दूसरे दिन एक्सरे मशीन खराब रहने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक्सरे सुविधा ठप होने के कारण दूर-दराज से आए मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा, वहीं कई मरीजों को मजबूरी में निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ा।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में हड्डी, दुर्घटना और अन्य गंभीर मामलों के मरीज एक्सरे जांच के लिए पहुंचते हैं। मशीन खराब होने से उनकी जांच नहीं हो सकी, जिससे उपचार में भी देरी हुई। मरीजों और उनके तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की और शीघ्र मशीन ठीक कराने की मांग की। इस संबंध में जिला संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. किशोर आहुजा ने बताया कि एक्सरे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। मशीन को ठीक कराने के लिए संबंधित कंपनी को सूचना दे दी गई है। कंपनी के टेक्निशियन जल्द ही अस्पताल पहुंचकर मशीन की खराबी दूर करेंगे। सीएमएस ने उम्मीद जताई कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो शुक्रवार से एक्सरे जांच की सुविधा पुनः शुरू हो सकेगी। उन्होंने मरीजों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन प्रयासरत है कि जांच सेवाएं जल्द से जल्द बहाल की जाएं। फिलहाल एक्सरे सुविधा बंद रहने से मरीजों को अतिरिक्त खर्च और समय दोनों की परेशानी झेलनी पड़ रही है।


