कैराना
डीएम ने किया कैराना तहसील का वार्षिक निरीक्षण,दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। जिलाधिकारी शामली अरविन्द सिंह चौहान ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह के साथ तहसील कैराना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी न्यायालय एवं तहसीलदार न्यायालय का गहन निरीक्षण करते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बुधवार को वार्षिक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम न्यायालय में लंबित पुराने वादों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का शीघ्र, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तहसीलदार कैराना से राजस्व वसूली की प्रगति की जानकारी ली और लंबित वसूली कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कार्यालय में खतौनी के अमलदरामद से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की सुनवाई के लिए तहसील में उपस्थित अपीलार्थियों के लिए बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने तहसील दिवस एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए शिकायतों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैराना निधि भारद्वाज, तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

