बहराइच
ऐरिया सहकारी संघ के धान क्रय केंद्र पर सिर्फ कागजों पर हो रही खरीद
ना कांटा ना बैनर, पता नहीं कहां हो रही धान तौल, पीसीएफ क्रय केंद्र ऐरिया पर भी ताला।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बहराइच। ऐरिया सहकारी संघ के धान क्रय केंद्र पर सिर्फ कागजों पर धान खरीद हो रही है। केंद्र पर ना तो कहीं कांटा लगा है ना बैनर लगा है पता नहीं कहां प्रति दिन धान की तौल हो रही है आम जन मानस के लिए यह एक रहस्य बना है।
बहराइच जिले की धान क्रय केंद्रों की सूची में ऐरिया के नाम से दो धान क्रय केंद्र दर्ज है। एक पीसीएफ का क्रय केंद्र ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड ऐरिया एवं दूसरा सहकारी संघ लिमिटेड ऐरिया के नाम से दर्ज है। लेकिन पीसीएफ क्रय केंद्र ऐरिया पर ताला लटक रहा था बैनर तो टंगा है कांटा नहीं है। सचिव राजेश कुमार ने फोन पर बताया कि केंद्र पर बराबर तौल हुई है। गांव निवासी प्रहलाद कुमार मिश्रा ने कहा कि यहां तो काफी दिनों से तौल नहीं हो रही है। वहीं ऐरिया सहकारी संघ का धान क्रय केंद्र सिर्फ कागजों पर किसानों से धान खरीद कर रहा है। केंद्र प्रभारी महेश कुमार ने फोन पर केंद्र की जो लोकेशन बताई वहां कहीं भी धान क्रय केंद्र जैसा कोई स्थान नहीं मिला। बहराइच सीतापुर हाईवे पर स्थित ऐरिया मोड़ के पास जिस सफेद भवन को क्रय केंद्र बताया गया वहां भी तीन शटर में ताले लटक रहे थे। अगल बगल के लोगों ने बताया कि यहां कहीं भी धान क्रय केंद्र नहीं है। अगर होता तो हम लोग अपना धान 1600 रुपए में क्यों बेचते। यहां कभी धान की खरीद नहीं हुई है। लेकिन केंद्र प्रभारी महेश का कहना है कि पत्नी की तबियत खराब होने के कारण केंद्र बंद रहता है। सहकारी संघ जैतापुर पीसीएफ क्रय केंद्र पर भी कांटा नहीं लगा है। सूची में दर्ज क्रय केंद्र की लोकेशन से तकरीबन नौ किलोमीटर दूर केंद्र प्रभारी अनिल कुमार वर्मा एक गोदाम पर मिले लेकिन कोई किसान नहीं था। पड़ताल में यह खुलासा हुआ कि पीसीएफ पीसीयू व एफसीएस के किसी भी धान क्रय केंद्र पर मूल किसानों धान नहीं खरीदा जा रहा है। व्यापारियों से धान की खरीद कर जिम्मेदार कोरम पूरा करने में जुटे हैं। पीसीएफ के जिला प्रबंधक कमलेश कुमार ने फोन पर कहा कि हम बाहर हैं जांचकरवाकर बताते हैं।



