विराट हिन्दू सम्मेलन में होगा सभी वर्गों का महासंगम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। कस्बा भुसावर में 01 फरवरी को आयोजित होने जा रहे विराट हिन्दू सम्मेलन की तैयारियां पूरे जोर शोर से चल रही हैं। प्रत्येक समाज के लोग इन तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। आयोजन समिति के सदस्यों के साथ साथ सर्व समाज के लोग घर घर जाकर पीले चावल और कार्यक्रम के पत्रक वितरित कर रहे हैं। इस आयोजन को लेकर सभी में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पुरुष महिला बच्चे सभी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। प्रत्येक समाज के लोग सार्वजनिक स्थानों पर अपने समाज के पोस्टर और बैनरों से कार्यक्रम में आने के लिए निवेदन करते नजर आ रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक ओमप्रकाश पंडित ने बताया कि 01 फरवरी को होने वाला विराट हिन्दू सम्मेलन अपने आप में अभूतपूर्व होगा। सम्मेलन में महान विभूतियां अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगी। सर्व समाज के लोग एक स्थान पर जुटकर, सभी मतभेद, छुआछूत, बैरभाव भुलाकर एक स्थान पर केवल एक पहचान हिन्दू के नाते एकत्रित होंगे और सनातन धर्म को मजबूत करेंगे। गौरतलब है कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिगम्बर परमहंस श्री श्री 108 शोभानंद जी महाराज उर्फ मौनी बाबा रहेंगे। मातृशक्ति के रूप में ब्रह्मकुमारी संस्थान की बहन गीता का उद्बोधन रहेगा। वहीं जयपुर प्रांत के धर्म जागरण मंच संयोजक अमरसिंह मुख्य वक्ता के रूप में अपनी उपस्थिति देंगे। विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि सम्मेलन से पूर्व की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं एवं योजनाबद्ध रूप से कार्यक्रम दिवस की योजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


