शामली

तकनीकी कार्यशाला में छात्र छात्राओं को दिया विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। शहर के सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल में आयोजित तकनीकी कार्यशाला के द्वितीय दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया।
स्कूल डायरेक्टर भारत संगल ने कहा कि जो हम देखते हैं, उसे भूल जाते हैं, लेकिन जो हम स्वयं बनाते हैं, उसे पूरी तरह समझ पाते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा हैै। कार्यशाला में हरिद्वार की तकनीकी फाउंडेशन ऑफ इंडिया की आठ सदस्यीय इंजीनियर टीम इंजीनियर गरिमा, भावना, जाह्नवी, उमा, हिमांशी, सूरज, वंश एवं विपिनकृने कक्षा 5 के विद्यार्थियों को फोम शीट, पेपर, कप, बॉल एवं स्ट्रॉ की सहायता से हिंज तथा बॉल एंड सॉकेट जोड़ के कार्यशील मॉडल बनवाए। इस दौरान विद्यार्थियों को मानव भुजा के विभिन्न जोड़ों के बारे में जानकारी दी गई। इंजीनियरों ने बताया कि हिंज जोड़ एक सामान्य सायनोवियल जोड़ होता है, जिसमें टखना, कोहनी और घुटनों के जोड़ शामिल हैं, जबकि बॉल एंड सॉकेट जोड़ हड्डियों को कई दिशाओं में गति करने में सक्षम बनाता है। इसी क्रम में कक्षा 4 के विद्यार्थियों को बैलून, टी-शेप कनेक्टर, प्लास्टिक स्ट्रॉ, बॉटमलेस बोतल एवं फोम की सहायता से श्वसन प्रणाली का कार्यशील मॉडल तैयार कराया गया। बताया कि फेफड़े मानव शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं, जो ऑक्सीजन ग्रहण कर कार्बन डाइऑक्साइड बाहर निकालने का कार्य करते हैं और मानव जीवन इन्हीं पर निर्भर है।
प्रधानाचार्या उजमा ज़ैदी ने कहा कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष इस प्रकार की वैज्ञानिक एवं तकनीकी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के साथ-साथ तकनीकी कौशल का भी विकास हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button