
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगर पालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत अंकुर बिहार स्थित रेल बिहार कॉलोनी में भारी जलभराव के कारण हालात बद से बदतर हो गए हैं। कॉलोनी की गलियों और मुख्य रास्तों में घुटनों तक भरा पानी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। जलभराव की वजह से कालोनी के नागरिकों का आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी में पानी भर जाने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, वहीं कामकाजी लोग अपने रोज़मर्रा के काम और दफ्तर जाने में असमर्थ हैं। हालात इतने खराब हैं कि घरेलू सामान, दूध, सब्ज़ी और दवाइयों जैसी ज़रूरी चीज़ें खरीदने के लिए भी लोग घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। कई परिवारों को मजबूरी में घरों में कैद होकर रहना पड़ रहा है।
जलभराव के कारण गलियों में गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर लोग खास तौर पर चिंतित हैं। मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका परिषद लोनी के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया। अधिशासी अधिकारी द्वारा जल निकासी का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक नगर पालिका की ओर से न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा है और न ही जल निकासी के लिए कोई वाहन भेजा गया है। इससे लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे मजबूर होकर आंदोलन या जिलाधिकार से शिकायत करेंगे। लोगों की जनप्रतिनिधि से मांग है कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल प्रभाव से पंप और कर्मचारियों को भेजकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करे, ताकि आम जनजीवन फिर से सामान्य हो सके।



