पति की हत्या के आरोप में पत्नी व भांजा गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। राजस्थान के धौलपुर में मामी के इशारे पर जहरीली शराब पिला मामा की हत्या के करीब 11 महिने पुराने एक मामले में भांजे व मामी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना इलाके के भैंसाख गांव में16 फरवरी 2025 को शंकर सिंह पुत्र वासुदेव का शव उसके घर में मिलने के बाद पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाने पर जांच के लिए एफएसएल भेजे गए मृतक की बिसरा रिपोर्ट में शंकर सिंह की मौत जहर से होने की पुष्टि के बाद यह कार्यवाही की गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामी-भांजे के बीच अवैध संबंध के चलते पत्नी रूबी ने भांजे हरेंद्र के साथ मिल अपने पति की हत्या करवा कुछ समय बाद ही भांजे से शादी कर घर छोड़ दिया था। जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक की पत्नी रूबी और भांजे हरेंद्र पर गहराया तो सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते पति को रास्ते से हटाने के लिए जहरीला पदार्थ खिलाने की बात स्वीकार की है।बताया गया कि भांजे हरेंद्र ने शंकर सिंह को 15 फरवरी 2025 को खेत पर ले जाकर कीटनाशक मिली शराब पिलाई और उसे लेकर घर आ गया। जहरीली शराब से शंकर सिंह की तबीयत बिगड़ी और घर आकर उसकी मौत हो गई।


