शामली
102 एंबुलेंस कर्मियों का सम्मान, उत्कृष्ट सेवा पर मिला प्रशस्ति पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। नगर के स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात 108 व 102 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़े ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। सीएमओ डॉ. अनिल, एसीएमओ डॉ. अतुल बंसल, एसीएमओ डॉ. अश्विनी एवं प्रोग्राम मैनेजर जयविंदर सिंह ने एंबुलेंस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. अनिल ने कहा कि 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं सराहनीय कार्य कर रही हैं और यह कर्मियों की सच्ची देशभक्ति का परिचायक है, जो पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ दिन-रात मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को घर से अस्पताल तक समय पर पहुंचाकर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवाओं का उद्देश्य मरीजों को त्वरित, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधा प्रदान करना होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके। सीएमओ ने सभी एंबुलेंस कर्मियों को निर्देश दिए कि संभावित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस को हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तैनात रखें, जिससे जरूरतमंद मरीज तक कम से कम समय में पहुंचा जा सके। कार्यक्रम में जिला प्रभारी ललित मोहन जोशी, मंडल प्रभारी जयविंदर सिंह सहित पायलट नितिन कुमार, शौकिन्द्र, पंकज, मोहनलाल, अनुज कुमार, विकास कुमार, कमल, प्रवेश तथा ईएमटी दिलशाद, फारूख, अभिषेक, सत्यवीर, गजेंद्र, दिलशाद, साहिब आलम आदि उपस्थित रहे।


