मथुरा

यमुना के खादर में चल रही थी हथियारों की फैक्टरी 

देखकर पुलिस भी रह गई दंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा के नौहझील में यमुना के खादर इलाके में शस्त्र फैक्टरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। फरीदमपुर खादर में पुलिस ने छापा मारकर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है। फैक्टरी से 6 तमंचे, 16 अधबने तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने खादर में नदी किनारे उपलों के बिटौरों के पीछे बने कमरे में छापा मारा। यहां आरोपी तमंचे बनाने का काम कर रहा था। टीम ने मौके से 6 तैयार तमंचे, 16 अधबने तमंचे, भारी संख्या में नाल और ड्रिल मशीन समेत शस्त्र बनाने के तमाम उपकरण बरामद किए हैं। मौके से आरोपी वीरपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपियों के अन्य राज्यों और जिलों में भी नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। एसपी देहात ने बताया कि वीरपाल शातिर अपराधी है। पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस ने बताया कि उसने हरियाणा के मेवात से तमंचे बनाना सीखा था। अपने साथी की मौत के बाद वह यमुना के खादर में सुरक्षित स्थान देखकर रह रहा था। यहीं पर आरोपी ने हथियार बनाने का काम शुरू किया। पुलिस ने बताया कि बारिश के बाद यमुना का जलस्तर कम हो जाता है। इसी का लाभ उठाते हुए आरोपी ने खादर में अपना ठिकाना बनाया। पुलिस प्रशासन अब आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button