मथुरा
वृंदावन में नगर निगम के नोटिस से आश्रम में हंगामा, पहुंची पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में विद्यापीठ चौराहा पर जर्जर हुए वैश्य आश्रम को नगर निगम द्वारा भेजे नोटिस के बाद आश्रम प्रबंधक और किरायेदारों में विवाद खड़ा हो गया है। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। विद्यापीठ चौराहा के पास वैश्य आश्रम में नगर निगम का नोटिस पहुंचने के बाद हंगामा हो गया। आश्रम प्रबंधन लगभग सौ वर्ष पुरानी इमारत की मरम्मत कराने के लिए उसे खाला कराने का प्रयास कर रहा है। वहीं लोग आश्रम खाली नहीं करना चाहते हैं। आश्रम में रह रहे सुमित्रा अग्रवाल, अमित शर्मा और रूपा शर्मा का कहना है कि नगर निगम के नोटिस के नाम पर प्रबंधन उन्हें आश्रम से बाहर करना चाहता है। वह उन्हें परेशान कर रहे हैं। जबकि वह जर्जर भवन की मरम्मत कराने को तैयार हैं। आश्रम के प्रबंधक रमेश गुप्ता ने बताया कि नगर निगम से नोटिस आया है, जिसमें आश्रम की जर्जर स्थिति की मरम्मत कराने या फिर गिरासू हिस्से को हटाने की बात कहीं गई है। इसके लिए समय सीमा भी निर्धारित है। इसलिए गिरासू भवन को तोड़ रहे हैं। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय एवं डीएम कार्यालय में भी सूचना दे दी है।



