एसपी ने किया सदर कोतवाली का औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। रविवार को एसपी एनपी सिंह ने शहर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा को कई खामियां गिनाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि कोतवाली परिसर में लगभग 500 माल मुकदमती वाहन खड़े हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण कराया जाना आवश्यक है।
एसपी एनपी सिंह ने निर्देश दिए कि जिन वाहनों के स्वामियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनके पते पर सिपाही भेजकर नोटिस तामील कराया जाए, ताकि वाहन स्वामी अपना वाहन छुड़ा सकें। यदि इसके बावजूद वाहन नहीं छुड़ाए जाते हैं तो नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई कर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाली परिसर में निर्माणाधीन नए मैस का भी जायजा लिया। मैस की दीवारों में सीलन पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही मैस के बाहर इंटरलॉक टाइल्स लगवाने को लेकर उन्होंने फोन पर नगर पालिका अध्यक्ष शामली से वार्ता कर शीघ्र कार्य कराने को कहा। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई पीड़ित या फरियादी पढ़ा-लिखा नहीं है तो ड्यूटी पर तैनात अधिकारी स्वयं उसकी प्रार्थना पत्र लिखें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध शिकायत प्राप्त होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों ने बताया कि कोतवाली के दो प्रिंटर खराब हैं तथा प्रिंटिंग के लिए कागज भी उपलब्ध नहीं है। इस पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 300 रिम कागज उपलब्ध कराने और दोनों प्रिंटर शीघ्र ठीक कराने के आदेश दिए। एसपी ने निर्देश दिए कि कोई भी फरियादी पीली पर्ची के बिना वापस न जाए। साथ ही कंप्यूटर में लगे दो इन्वर्टर बैटरियों को कवर करने के आदेश भी दिए गए।


