शामली

नालों की सफाई के बाद सड़क पर छोड़ा मलबा बना मुसीबत

दुकानदारों और राहगीरों में रोष, पालिका प्रशासन के खिलाफ हंगामा

शिकायत के बाद भी नहीं उठा मलबा, डीएम से लगाई गुहार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के गंगेरू मार्ग पर पालिका द्वारा कराई गई नालों की सफाई अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। आरोप है कि सफाई कर्मचारियों ने नालों से निकाले गए मलबे को सड़क पर ही डाल दिया, जिसे अब तक हटाया नहीं गया है। सड़क पर फैला यह मलबा दुकानदारों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर पड़े मलबे के कारण ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है। पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन फिसलने की स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। दुकानदारों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद मलबा नहीं उठाया गया।प्रशासन की अनदेखी से नाराज दुकानदारों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। गंगेरू मार्ग पर दुकानदारों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया तथा जल्द समस्या के समाधान की मांग की। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने कहा कि यदि समय रहते मलबा नहीं हटाया गया तो उन्हें और भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। हालात ऐसे हैं कि दुकानों के सामने गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
मामले को लेकर पीड़ित दुकानदारों ने जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान को शिकायत पत्र भेजकर हुए समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है। दुकानदारों ने मांग की है कि सड़क से तत्काल मलबा हटवाया जाए और भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।इस दौरान शाहिद, मतलूब, आशु, अनीस, इसरार, अफसर, हसीन, खुर्शीद, एहसान व कैफ सहित आदि मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button