शामली
प्लॉट बेचने के नाम पर पांच लाख की ठगी, विरोध करने पर दांत तोड़ने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी अब्दुल्ला पुत्र अब्बास ने थाने पर तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है और उसने अपने साथ गांव के ही अनीस पुत्र गुलजार को काम पर रखा हुआ था। आरोप है कि अनीस ने प्लॉट बेचने के नाम पर किसी व्यक्ति से धोखाधड़ी करते हुए पांच लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए। जब इस बात की जानकारी पीड़ित अब्दुल्ला को हुई तो उसने इसका विरोध किया। विरोध करने पर आरोपी अनीस ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिसमें पीड़ित के दांत टूट गए।घटना के बाद पीड़ित ने अपना चिकित्सीय परीक्षण कराया और थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने विश्वासघात करते हुए न केवल आर्थिक धोखाधड़ी की, बल्कि जानलेवा हमला भी किया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


