बागपत
अपर जिलाधिकारी के व्यवहार से नाराज़ ग्राम पंचायत सचिवों का कार्यबहिष्कार
विकास भवन पर धरना जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। विकास भवन सभागार में आयोजित डिजिटल क्रॉप सर्वे (एग्री स्टेक) की बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना से आक्रोशित ग्राम पंचायत सचिवों ने जनपद में कार्यबहिष्कार का ऐलान करते हुए विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने के दौरान जिला विकास अधिकारी मौके पर पहुंचे और सचिवों को आश्वस्त किया कि भविष्य में अपर जिलाधिकारी एग्री स्टेक सर्वे से संबंधित कोई बैठक नहीं लेंगे इसके उपरांत उन्होंने धरना समाप्त करने का अनुरोध किया। हालांकि, सचिव इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और अपनी मांगों पर अड़े रहे।
इसके बाद सचिवों के एक प्रतिनिधिमंडल को जिलाधिकारी से वार्ता के लिए बुलाया गया, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। सचिवों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना और कार्यबहिष्कार जारी रहेगा।
धरने में समन्वय समिति के अध्यक्ष संदीप कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष जोनी चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष अनिल मान, अंकुर भारद्वाज, पवन राणा, संजीत कुमार, सचिन कुमार, संदीप दहिया, सुनील कुमार, सुनील बंसल, नीता, सूरज सहित कई दर्जन ग्राम पंचायत सचिव शामिल रहे।



