ललितपुर

खितवांस में देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों में तोडफ़ोड़, लूटपाट

आबकारी ठेकेदारों की तहरीर पर दर्जनों लोगों पर आपराधिक मामला दर्ज

लोक व्यवस्था भंग कर शासन को राजस्व की हानि पहुंचाने के गंभीर आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। खितवांस में मंगलवार को देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों में आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने एकराय होकर ताला तोड़ा, सीसीटीवी कैमरे तोड़े, डीवीआर ले गये और दुकानों में रखी देशी व अंग्रेजी शराब को लूट लिया। लूटी गयी शराब को सड़क पर फेंकते हुये नष्ट कर दिया गया। लाखों रुपये की शराब बर्बाद करने, लूटपाट करने और सेल्समैनों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुये लोक व्यवस्था भंग करते हुये सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाने के मामले में अब प्रशासन और पुलिस सख्त हो गयी है। आबकारी ठेकेदारों की तहरीर पर आधा सैकड़ा से अधिक लोगों के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में एफआईआर दर्ज की गयी है।
कोतवाली महरौनी के ग्राम सिलावन में रहने वाले रोहित राय पुत्र रामसेवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी ग्राम खितवांस में कम्पोजिट शराब की दुकान आवंटित है। बीते मंगलवार को अपराह्न करीब 12.30 बजे ठेका देशी शराब में सेल्समैन ग्राम खजुरिया निवासी हितेन्द्र कुमार राय पुत्र भगवानदास व प्रवेन्द्र राय पुत्र रामप्रसाद मौजूद थे। इसी बीच खितवांस के विक्रम पुत्र गोवद्र्धन, बलराम पुत्र हरीराम, निर्मल पुत्र मनीराम, सत्येन्द्र पुत्र रमाकान्त, सुधीर पुत्र अमान, विनोद पुत्र बुद्धे, मुन्ना खां पुत्र बादल खां, गजराम पुत्र प्रेमचंद्र, संतोष पुत्र पुनू, फूलचंद्र पुत्र खुशीलाल, अंकित पुत्र स्व.रामसिंह, राहुल पुत्र दीपचंद्र, जोधा पुत्र रामचंदे, नीलू पुत्र मनी, धरमू पुत्र धनु कुशवाहा, धनीराम पुत्र रामदीन, ललिता पत्नी गोपी, गुलाबबाई पत्नी पुनू, कमलेश पत्नी जुजू उर्फ बद्रीप्रसाद, अंशुल पुत्र कौशल किशोर व अन्य कैमरे में कैद कई लोगों ने एकराय होकर सेल्समेन से कहा कि उनके परिजनों ने शराब में बहुत पैसा दिया है। अब सभी को दो-दो लाख रुपये दो नहीं तो दुकान चलाने नहीं देंगे और तोड़ देंगे। सेल्समैनों ने जब मना किया तो उक्त लोगों ने दुकान में जबरन घुसकर सेल्सेमैनों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। लोगों ने खिड़की तोड़कर अंदर घुसकर वहां पर लगे पांच सीसीटीवी कैमरे बीयर का फ्रिज तोड़ दिया। मारपीट में सेल्समैन घायल हो गये और वह जान बचाकर भाग गये। लोगों ने दुकान में घुसकर 80 पेटी अंग्रेजी शराब व 100 पेटी बीयर व रुपयों की पेटी तोड़कर बाहर रोड पर पटककर तोड़ दिया। इससे रोड जाम हो गयी और लोक व्यवस्था भंग हुयी। सूचना पर आबकारी विभाग व पुलिस मौके पर पहुंची, इसके बावजूद भी काफी देर से लोगों को हटाया गया। आरोप है कि पूरे घटनाक्रम को ग्राम प्रधान कमलेश झां पुत्र हरीराम झां द्वारा लोगों को पंचायत भवन में बुलाकर षडय़ंत्र कर अंजाम दिया गया है। पुलिस ने रोहित राय की तहरीर पर नामजद व कैमरे में कैद लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2), 351 (3), 191 (2), 191 (3), 126 (2), 333, 119 (1), 61 (2), 324 (5), 352 व आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम 1932 की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
इधर शेख का कुआं महरौनी निवासी प्रदुम्न दुबे पुत्र प्रकाश दुबे ने पुलिस को तहरीर देकर अपराह्न 12 बजे उसकी खितवांस स्थित देशी शराब की दुकान में विक्रम पुत्र गोवद्र्धन, बलराम पुत्र हरिराम, निर्मल पुत्र मनीराम, सत्येन्द्र पुत्र रमाकांत, सुधीर पुत्र अमान, विनोद पुत्र बुद्धे, मुन्ना खां पुत्र बादल खां, गजराम पुत्र प्रेमचंद्र, संतोष पुत्र पुनू, फूलचंद्र पुत्र खुशीलाल, अंकित पुत्र स्व.रामसिंह, राहुल पुत्र दीपचंद्र, जोधा पुत्र रामचंदे, नीलू पुत्र मनी, धरमू पुत्र धनू कुशवाहा, धनीराम पुत्र रामदीन, गुडडी पत्नी रामसिंह, भूरी पत्नी काशीराम अहिरवार, गीता पत्नी कलूटे, अंशुल पुत्र कौशल किशोर व अन्य कैमरे में कैद कई लोगों ने जबरन घुसकर सेल्समैन तिलक परिहार पुत्र बन्धुलाल व दुकान मालिक संजय पुत्र किलई के साथ मारपीट की। आरोप है कि उक्त लोगों ने दुकान में घुसकर दो-दो लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुये मारपीट की और सीसीटीवी कैमरे तोड़कर, दुकान में रखी पैसों की पेटी तोड़ दी। इसके अलावा शराब की 200 पेटियां व 50 पेटी लाल देशी शराब की सड़क पर फेंकते हुये लाठियों से तोड़ दी, जिससे रोड जाम हो गयी। मौके पर आबकारी विभाग व पुलिस ने पहुंच कर लोगों को समझाया, जिसके बाद भी लोगों ने काफी समय बाद सड़क से जाम हटाया। इससे लोक व्यवस्था भंग हुयी और शासन को राजस्व की क्षति पहुंंची। पुलिस ने प्रदुम्न दुबे की शिकायत पर उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2), 351 (3), 191 (2), 191 (3), 126 (2), 333, 119 (1), 61 (2), 324 (5), 352 व आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम 1932 की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
यह नामजद लोग हुये गिरफ्तार
खितवांस में मंगलवार को देशी शराब और कम्पोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़, लूटपाट, रंगदारी मांगने के अलावा शासन को राजस्व की हानि पहुंचाने के मामले में पुलिस ने दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में नामजद सत्येन्द्र कुमार, विनोद, सुधीर, विक्रम, गजराज, निर्मल, बलराम, ग्राम प्रधान कमलेश झां, मुन्ना खा, किशोरी को हिरासत में लिया है। नामजदों को पकडऩे वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक महरौनी राजा दिनेश सिंह, चौकी खितवांस प्रभारी उ.नि. साबिर अली शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से की यह अपील
ललितपुर पुलिस ने जनपदवासियों से किसी भी प्रकार की समस्या के निस्तारण हेतु संबंधित विभाग/उचित माध्यम से अवगत कराकर समाधान कराना सुनिश्चित करने की अपील की है। कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने अथवा सरकारी संपत्ति को क्षति पहुँचाने की स्थिति में उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button