नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र में विद्युत चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गांव गढ़ी रक्खा से ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करने और कनियान मार्ग पर स्थित हाईटेंशन लाइन से 1770 मीटर तार चोरी के मामलों में विद्युत विभाग के अवर अभियंताओं ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कस्बा एलम के बिजली घर पर तैनात अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार ने थाने पर दी गई तहरीर में बताया कि कुछ दिन पूर्व अज्ञात चोरों ने कनियान मार्ग पर स्थित हाईटेंशन लाइन से करीब 1770 मीटर तार चोरी कर लिया। तार चोरी होने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई और विभाग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं दूसरी ओर गांव गंगेरू के बिजली घर पर तैनात अवर अभियंता किशोर कुमार ने भी थाने पर तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रक्खा में किसान मूला पुत्र मुखराम के खेत में लगे ट्रांसफार्मर को अज्ञात चोरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि चोर ट्रांसफार्मर से तेल सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। दोनों अवर अभियंताओं द्वारा दी गई तहरीरों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायगा।


