हापुड़ में चलती कार पर युवकों का स्टंट, दोनों गेट खोलकर एक ने खड़े होकर स्टीयरिंग संभाली तो वहीं दूसरा युवक चलती कार की छत पर चढ़ा…
वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर पुलिस ने 29 हजार का किया चालान...

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
हापुड (यूपी)- चलती कार पर जानलेवा स्टंट करने वाले युवकों पर यातायात पुलिस ने की कार्यवाही । कार की छत पर खड़े होकर और स्टेयरिंग छोड़कर स्टंट का वीडियो हुआ था वायरल । ट्रैफिक पुलिस ने नियम उल्लंघन पर 29 हजार रुपये का चालान किया।
हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में गांव रसूलपुर नहर के पास चलती कार पर 2 युवकों के खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए 29 हजार रुपए का ऑनलाइन चालान कर दिया है और दोनों युवकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक चलती कार की डिग्गी पर चढ़कर छत पर पहुंच जाता है और वहां खड़े होकर डांस करता है। जबकि , दूसरा युवक चालक की सीट की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकालकर लटक रहा है और बाहर से ही स्टीयरिंग घुमाते हुए कार चला रहा है। यह स्टंट बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर नहर के पास किया गया है । इस दौरान कार रफ्तार में सड़क पर दौड़ रही थी, जिससे न केवल युवकों की जान को खतरा था, बल्कि आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो की जांच कर युवकों की पहचान की जा रही है। जबकि वहीं उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए 29 हजार रुपए का चालान किया गया है। हापुड पुलिस की लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।


