गोड्डा

जिला आजीविका कन्वर्जेस समिति की बैठक आयोजित

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणलय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला आजीविका कन्वर्जेस समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से मिलेट्स (श्री अन्न) संवर्धन,मखाना उत्पादन, बागवानी एवं फल उत्पादन, बरबट्टी मूल्य श्रृंखला ,बांस संवर्धन, लेमनग्रास, बकरी पालन एवं कुक्कुट पालन, जैव इनपुट एवं बायो रिसोर्स सेंटर एवं सेरीकल्चर के संबंध में जानकारियां प्रदान की गई।
बैठक के दौरान कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा अवगत कराया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में गोड्डा जिला में 3000-4000 एकड़ क्षेत्रफल में मिलेट्स उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चर्चा में शामिल 9 मिलेट्स में से जिले के लिए सबसे उपयुक्त मिलेट्स का चयन करते हुए कृषि चक्र को ध्यान में रखते हुए न्यूनतम 3 वर्षों की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में दलहन, तिलहन, सब्जी उत्पादन, फलोद्यान, औषधीय पौधों, मशरूम उत्पादन एवं बहुफसली खेती (मल्टी क्रॉपिंग) को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सामूहिक खेती, बीज उत्पादन, नर्सरी विकास एवं कृषि आधारित लघु उद्यमों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण बीज, उन्नत कृषि तकनीक एवं सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। इसके अतिरिक्त सिंचाई सुविधा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसल बीमा एवं बाजार से जुड़ाव (मार्केट लिंकेज) को भी सशक्त करने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी कृषि सत्र में क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ किसानों की आय में स्थायी सुधार हो सके। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के  वैज्ञानिक बेहतर कृषि प्रणाली में सुधार को लेकर जानकारी साझा की गई।जिले में मखाना की खेती के लिए संबंधित कृषकों को प्रशिक्षण हेतु पूर्णिया कृषक प्रशिक्षण केंद्र भेजने हेतु निर्देशित किया गया ताकि वे  प्रशिक्षण प्राप्त कर मखाने की उन्नत पैदावार कर सके। मौके पर उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, कृषि विज्ञान केंद्र डॉ० रविशंकर , एलडीएम,  चंदन कुमार चौहान, डीपीएम नाबार्ड नूतनराज, जिला पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय कुमार नाग, जिला कृषि पदाधिकारी अभिजीत शर्मा, डीएमएफटी एवं पीएमयू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button