मेरठ

डीएम ने प्राथमिक विद्यालय कृष्णपुरी में स्मार्ट क्लास का किया उद्घाटन

डिजिटल बोर्ड से बच्चों की शिक्षा को मिलेगा तकनीकी बढ़ावा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। डीएम डॉ. वी.के. सिंह द्वारा प्राथमिक विद्यालय कृष्णपुरी, नगर क्षेत्र मेरठ में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल बोर्ड के माध्यम से कक्षाओं का अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर एवं सामान्य ज्ञान की परख की। जिलाधिकारी ने कक्षा-5 में जाकर छात्रों से गणित, अंग्रेज़ी एवं सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे। छात्र अक्षय, विवेक तथा छात्राएं इशानी, नम्रता ने गणित के पहाड़े सही बताए, वहीं छात्रा मानवी ने अंग्रेज़ी विषय के तीसरे पाठ का नाम सही बताया। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं राष्ट्रपति के नाम पूछे जाने पर भी सभी छात्र-छात्राओं ने सही उत्तर दिए। इसके पश्चात कक्षा-3 के बच्चों से जोड़, गुणा एवं भाग के प्रश्न नए डिजिटल बोर्ड पर हल कराए गए, जिन्हें बच्चों ने आसानी से हल कर दिया। बच्चों के उत्साह और सही उत्तरों से प्रसन्न होकर जिलाधिकारी ने उन्हें चॉकलेट व टॉफी वितरित की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ेगी और तकनीक आधारित शिक्षा से उनकी रुचि भी विकसित होगी। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि छात्रों के शैक्षणिक विकास हेतु उन्हें दिल्ली स्थित चिड़ियाघर का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए। डिजिटल क्लास के उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा कक्षा-1 की छात्रा पलक को गोद में लेकर रिबन काटा गया। प्राथमिक विद्यालय कृष्णपुरी, शारदा रोड, मेरठ में यह स्मार्ट बोर्ड गेल गैस के सहयोग से स्थापित किया गया है। स्मार्ट क्लास का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी, प्रधानाध्यापक विनीत गुप्ता, गेल गैस कंपनी के जनरल मैनेजर विनय कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button