सिंगरौली

महान सीएचपी में देर रात दिखा तेंदुआ, फैक्ट्री प्रशासन अलर्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। महान स्थित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) में देर रात तेंदुआ देखे जाने से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। बताया गया कि तेंदुए की आवाजाही वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड की गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रबंधन ने सतर्कता बढ़ा दी है और कर्मचारियों व ठेका श्रमिकों के लिए आवश्यक सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं।
फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि तेंदुआ सीएचपी क्षेत्र में देर रात देखा गया, जिसके बाद प्रबंधन द्वारा सुरक्षा को लेकर विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों से कहा गया है कि वे फैक्ट्री परिसर में अनावश्यक आवाजाही न करें और केवल निर्धारित गेटों से ही प्रवेश व निकास करें।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि परिसर के भीतर पैदल चलने, साइकिल या दोपहिया वाहनों के उपयोग पर रोक रहेगी तथा केवल अधिकृत चारपहिया वाहनों का ही उपयोग किया जाए। साथ ही सुबह और शाम के समय खुले में घूमने से बचने और सुनसान क्षेत्रों में अकेले जाने से मना किया गया है।
सुरक्षा विभाग और वन विभाग को भी अलसुबह मामले की जानकारी दे दी गई है। वहीं वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाते हुए जानकारी एकत्रित करने में लगी है। फैक्ट्री प्रशासन ने सभी कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों और आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रबंधन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा टीम तैनात है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button