गाजियाबाद

लोनी में गंदगी के ढेर से लोग परेशान

पार्षद ने दिल्ली की मुख्यमंत्री से लगाई सफाई की गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे लोनी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 41 में गंदगी और कचरे के अंबार से स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है। क्षेत्र में जगह-जगह कूड़ा, मलबा और सड़ांध के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी से जहां वातावरण प्रदूषित हो रहा है, वहीं बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
सीमावर्ती क्षेत्र होने से बढ़ी समस्या
यह इलाका दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है, जिससे सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारी तय करना चुनौती बन गया है। दोनों राज्यों की सीमा के बीच स्थित खाली जगहों पर लंबे समय से कूड़ा जमा है, जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
पार्षद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोनी नगर पालिका वार्ड 41 के पार्षद अंकुश जैन (मिंकू) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चूंकि यह क्षेत्र दिल्ली की सीमा से सटा है, इसलिए दिल्ली नगर निगम की भी जिम्मेदारी बनती है कि यहां नियमित सफाई कराई जाए।
इन स्थानों पर गंदगी के ढेर
पत्र के अनुसार, दिल्ली नगर निगम के वार्ड संख्या 240 के आसपास, एच ब्लॉक गंगाविहार की पाइपलाइन और जोहरी एन्क्लेव के नालों के बीच खाली पड़ी जमीन पर कूड़ा और मलबे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। इससे दुर्गंध फैल रही है और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश की मांग
पार्षद ने दिल्ली नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजकर सफाई कराने और कचरा हटवाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश जल निगम से भी इस कार्य में सहयोग लेने की अपील की है, ताकि संयुक्त रूप से क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित की जा सके।
स्थानीय लोगों की अपील
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
लोगों का कहना है कि सीमा क्षेत्र होने के बावजूद दोनों राज्यों के प्रशासन को मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button