
स्थानीय नागरिकों ने ली राहत की सांस, विधायक ने तय समय में कार्य पूरा कराने का दिया भरोसा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित दिल्ली–लोनी–सहारनपुर मार्ग के निर्माण कार्य का शनिवार का आज शुभारंभ कर दिया गया। गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग एवं लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने संयुक्त रूप से लोनी बोर्डर पर नारियल फोड़कर ₹32 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की शुरुआत की।
इस मार्ग को बनाने के लिए जनता द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी। जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण लोगों को इस मार्ग से आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। निर्माण कार्य शुरू होने की खबर से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अब सफर आसान व सुगम होगा।
हालांकि, नारियल फोड़े जाने के बाद भी कुछ लोगों के मन में सवाल भी उठ रहे हैं कि क्या काम निर्धारित समय में पूरा हो पाएगा या आम जनता को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या कमीशनखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ठेकेदार और सम्बंधित अधिकारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि सड़क मजबूत, टिकाऊ और बेहतरीन गुणवत्ता की बनाई जाए, ताकि वर्षों तक लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े
सांसद और विधायक ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों को अब इस बात का इंतजार है कि घोषणा के साथ शुरू हुआ यह काम जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से आगे बढ़ता है और कब उन्हें एक बेहतर और सुरक्षित सड़क मिल पाती है।



