गोड्डा

नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के निमित सेक्टर निर्धारण को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के उद्देश्य से सेक्टर निर्धारण को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा नगर परिषद, गोड्डा एवं नगर पंचायत महागामा अंतर्गत मतदान केंद्रों के भौगोलिक, प्रशासनिक एवं सुरक्षा दृष्टिकोण से उपयुक्त सेक्टर निर्धारण के संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा एवं अनुमंडल पदाधिकारी महागामा के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक सेक्टर इस प्रकार चिन्हित किया जाए जिससे निर्वाचन कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण, त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई एवं कानून-व्यवस्था का बेहतर संधारण सुनिश्चित हो सके। उपायुक्त ने कहा कि सेक्टर पदाधिकारियों की भूमिका निर्वाचन प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वे अपने-अपने सेक्टर में मतदान से पूर्व, मतदान के दिन तथा मतगणना तक सतत निगरानी रखें एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। बैठक में मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता, संचार व्यवस्था, वाहन एवं मानव संसाधन की उपलब्धता तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। साथ ही, सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि प्रत्येक सेक्टर में तैनात पुलिस पदाधिकारी एवं बल निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करेंगे संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहाँ अतिरिक्त सतर्कता बरतने, नियमित गश्त, त्वरित प्रतिक्रिया दल की सक्रियता तथा मतदान केंद्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समय-समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएँ, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अवैध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित चुनौती से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए।बैठक में अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जयसवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पूर्णेन्दु, पुलिस उपाधीक्षक , हेडक्वार्टर जेपीएन चौधरी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी फैजान सरवर, एईआरओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button