गोड्डा
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में ‘परीक्षा पर चर्चा 2026’ का सीधा प्रसारण
विद्यार्थियों में दिखा उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। स्थानीय पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 400 विद्यार्थी, सभी शिक्षक, अभिभावक तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए अतिथियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम का प्रसारण विद्यालय के सभी कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड एवं टीवी के माध्यम से किया गया, जिससे प्रत्येक विद्यार्थी सीधे प्रधानमंत्री के विचारों से जुड़ सका। कार्यक्रम पूरे विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष जिज्ञासा और उमंग देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमाल के संबोधन से हुई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि परीक्षा पर चर्चा केवल परीक्षा की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के मानसिक विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को तनावमुक्त होकर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा खुद को परखने का माध्यम है, इसे बोझ नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ आराम और अपनी रुचियों के लिए समय निकालने की आवश्यकता पर बल दिया तथा छात्रों को कौशल, आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम को बड़ी उत्सुकता के साथ देखा। इसी क्रम में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिला के आठ विभिन्न विद्यालयों के छात्र एवं प्रधानाचार्य शामिल हुए। इनमें महागामा प्रखंड से KGBV महागामा और UPG Govt HS नया नगरा कार्यक्रम में शामिल रहे। मेहरमा प्रखंड से UPG Govt HS बुधासन ने सहभागिता की। बोआरीजोर प्रखंड से UPG Govt HS केरो बाजार, पोड़ैयाहाट प्रखंड से UPG Govt HS गुम्मा तथा ठाकुरगंगटी प्रखंड से UPG Govt HS भटखोरिया कार्यक्रम में शामिल रहे। पथरगामा प्रखंड से KGBV पथरगामा और गोड्डा प्रखंड से UPG Govt HS आदर्श बांका तथा UPG Govt HS रामपुर के शिक्षक एवं विद्यार्थी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एडीपीओ तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं एवं पुस्तकालय की जानकारी ली और कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक व प्रेरणादायक बताया।



