पाकुड़ में ईआरएमयू का धरना, कर्मचारियों की मांगों को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
ERMU staged a sit-in in Pakur, submitted a memorandum regarding the demands of the employees.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 8 फरवरी 2026 को ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन (ईआरएमयू) पाकुड़ शाखा द्वारा स्टेशन प्रबंधक कार्यालय, पाकुड़ के समक्ष एक घंटे का धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक कामरेड अखिलेश चौबे की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। धरने के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, हावड़ा के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कोल साइडिंग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए कंपनी द्वारा पूर्व की सुविधाएं बहाल कराने की प्रमुख मांग शामिल रही। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। धरना कार्यक्रम में आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने, नए श्रम कानूनों को रद्द करने, सभी विभागों में रिक्त पदों को अविलंब भरने, एलडीसीई के लिए अलग से 10 प्रतिशत डायरेक्ट भर्ती कोटा तय करने, सभी सेफ्टी कैटेगरी के कर्मचारियों को रिस्क एवं हार्ड ड्यूटी भत्ता देने की मांग उठाई गई। इसके अलावा सभी विभागों के ग्रेड-1 एवं ग्रेड-2 टेक्नीशियन पदों के विलय, सभी पॉइंट्समैन के लिए चार स्तरीय वेतन संरचना लागू करने, रनिंग स्टाफ के किलोमीटर भत्ते में 25 प्रतिशत की वृद्धि, कर्मचारियों के माता-पिता को भी प्रिविलेज पास एवं चिकित्सा सुविधा प्रदान करने तथा नए कार्यों एवं नई लाइनों के लिए अतिरिक्त पदों के सृजन की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। साथ ही एकीकृत पेंशन योजना में पुरानी पेंशन योजना की सभी सुविधाओं को शामिल करने की मांग भी संगठन द्वारा उठाई गई। इस अवसर पर शाखा सचिव संजय कुमार ओझा ने बताया कि ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन आगामी एक महीने तक क्रमबद्ध आंदोलन, धरना एवं प्रदर्शन करेगी, ताकि कर्मचारियों की मांगों की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचे और उन्हें शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने सभी रेलवे कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की। धरना कार्यक्रम में ईआरएमयू पाकुड़ शाखा के निलेश प्रकाश, बिहारी कुमार, कुंदन कुमार, अमर कुमार मल्होत्रा, गौतम कुमार यादव, प्रीतम कुमार मंडल, विक्टर विजय जेम्स, निरंजन कुमार, रामकुमार यादव, संजीत कुमार, कुमार विकास, कलीम अंसारी, पिंटू पटेल, दयाशंकर प्रसाद, गौतम कुमार पांडे, अजय माल, नीरज कुमार, अमित कुमार, बमबम ठाकुर, श्यामल कुमार माल सहित सैकड़ों रेल कर्मचारी उपस्थित थे।


