गोड्डा
घटिया निर्माण का आरोप, आदिवासी छात्रावास का काम रोका गया
राजाभीठा प्लस टू विद्यालय परिसर में करोड़ों की योजना पर उठा सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोआरीजोर। प्रखंड अंतर्गत +2 राजाभीठा विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन आदिवासी छात्रावास के कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे इस छात्रावास में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्राम पंचायत के मुखिया और ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।ग्रामीणों का आरोप है कि बिना अभियंता और जूनियर इंजीनियर की मौजूदगी के ही निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे भवन की गुणवत्ता पर गंभीर संदेह उत्पन्न हो गया है। इसी नाराज़गी के चलते ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया।मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है और लगातार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार पदाधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो यह छात्रावास भविष्य में छात्रों के लिए खतरा बन सकता है। वहीं पंचायत के मुखिया सुखलाल सोरेन ने निर्माण एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक सक्षम पदाधिकारी स्थल पर पहुंचकर जांच नहीं करते, तब तक काम नहीं चलने दिया जाएगा। घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले पर क्या कार्रवाई करता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कब तक होती है। पंचायत मुखिया सुखलाल सोरेन ने पूरे मामले में जांच कराने को लेकर उपायुक्त से मांग किया है।



