शामली
बस स्टैंड पर कब्जा, सवारी खड़ी सड़क पर — जिजौला में जनसुविधा बनी निजी दुकान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गांव जिजौला में चौसाना–बिडौली मुख्य मार्ग पर बना बस स्टैंड अब यात्रियों के बजाय निजी उपयोग में नजर आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक बस स्टैंड पर अवैध कब्जा कर भीतर मिठाई की दुकान चला दी गई है, जिससे राहगीरों और सवारियों को भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। मामला सामने आने के बाद ग्राम प्रधान ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
चौसाना बिडौली मार्ग पर जिजौला में बस स्टैंड ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाया गया था, ताकि बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सुरक्षित स्थान पर खड़े होकर बस का इंतजार कर सकें। लेकिन अब हालात उलट हैं। बस स्टैंड के अंदर अस्थायी ढांचा खड़ा कर हलवाई की दुकान संचालित की जा रही है। चूल्हे की गर्मी, बर्तनों का ढेर और ग्राहकों की भीड़ के कारण यात्रियों के खड़े होने की जगह तक नहीं बची।
ग्रामीणों का कहना है कि बसों का इंतजार कर रहे लोग अब सड़क किनारे खड़े होने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। कई बार स्कूली बच्चे और बुजुर्ग वाहन की चपेट में आते–आते बचे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा कर इसे निजी कमाई का जरिया बना लिया गया है और जिम्मेदार लोग चुप्पी साधे बैठे थे।
ग्राम प्रधान आदिल राणा ने बताया, मैं इस समय गांव से बाहर हूं। मुझे इस कब्जे की जानकारी नहीं थी। बस स्टैंड जनसुविधा के लिए है, किसी को वहां दुकान चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कल ही मौके पर पहुंचकर जगह खाली कराई जाएगी।


