बाल उत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। बेसिक शिक्षा विभाग शामली द्वारा जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में मंगलवार को प्रगति-स्वाभिमान और सफलता की ओर-2.0 बाल उत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अरविन्द कुमार चौहान, बीएसए लता राठौर, पीडी डीआरडीए प्रेम चन्द, सीओ शामली अपेक्षा निंबाड़िया तथा अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई। राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ से मीना मंच प्रदेश प्रभारी सरिता ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर बालक-बालिकाओं एवं शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रगतिशील कार्यों की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। डीएम अरविन्द कुमार चौहान ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन से निखारा जा सकता है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को अपने लक्ष्य ऊंचे रखने और आसपास से सीखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने ब्लॉक स्तर पर चयनित बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विकास क्षेत्रों से आए बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बीएसए लता राठौर ने कहा कि शामली जनपद कई वर्षों से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, जिसे आगे भी बनाए रखने की आवश्यकता है। सीओ शामली अपेक्षा निंबाड़िया ने बालिकाओं और महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कैराना, कांधला, शामली और ऊन विकास क्षेत्र के मीना मंच नोडल ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन, जिला समन्वयक सुशील कुमार, जितेंद्र कुमार, जय कुमार, शोभित मलिक मौजूद रहे।


