हापुड़ के शिक्षक अमित कुमार शर्मा का राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – जनपद हापुड़ के शिक्षक अमित कुमार शर्मा का राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयन हुआ है । हापुड़ के लिए यह गर्व का ऐतिहासिक क्षण है । जनपद हापुड़ के पहले माध्यमिक शिक्षक बने हैं अमित कुमार शर्मा, जिन्हे राज्य स्तरीय अध्यापक पुरस्कार दिया जायेगा l इन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है | जनपद हापुड़ राजकीय इंटर कॉलेज अनूपपुर डिबाई में कार्यरत वरिष्ठ एवं नवाचारी शिक्षक अमित कुमार शर्मा का उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयन किया गया है ।इसके बाद अमित शर्मा को 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय समारोह में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा । अमित शर्मा हापुड़ जनपद के सबसे पहले माध्यमिक शिक्षक बने हैं जिन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है | यह पुरस्कार जनपद हापुड़ में अभी तक किसी भी माध्यमिक शिक्षक को नहीं मिला है |
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हापुड की जिला विद्यालय निरीक्षक डॉo श्वेता पूठिया ने शिक्षक अमित शर्मा को राज्य अध्यापक पुरस्कार के चयन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं l उन्होंने कहा कि ” यह उपलब्धि उनके सतत परिश्रम, नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों के प्रति उनकी निष्ठा तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान का प्रतिफल है। इन्होंने जनपद हापुड़ का गौरव बढ़ाया है तथा अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी आप इसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।”
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार के अंतर्गत अमित शर्मा को 5 वर्ष का सेवा विस्तार, शॉल, प्रतीक चिन्ह तथा ₹25,000 की नगद धनराशि प्रदान की जाएगी l साथ ही राज्य परिवहन बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जाएगी । यह पुरस्कार उन्हें नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्य , शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा विभागीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए दिया जा रहा है ।
आपको बता दें कि अमित शर्मा ने उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियां हासिल करते हुए उनकी शैक्षिक योग्यता अत्यंत प्रभावशाली है। उन्होंने एम.एस.सी. (रसायन विज्ञान) एवं बी.एड. की उपाधि प्राप्त की है । रसायन विज्ञान विषय में उन्होंने 13 बार नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिसमें उनकी सर्वश्रेष्ठ ऑल इंडिया रैंक 4 रही है । इसके अतिरिक्त उन्होंने 5 बार गेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है , जिसमें उनकी सर्वश्रेष्ठ ऑल इंडिया रैंक 20 रही है । अमित शर्मा ने रसायन विज्ञान विषय पर “सिमेट्री एंड ग्रुप थियोरी” नामक एक पुस्तक भी लिखी है, जो एम.एस.सी. के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जा रही है ।
नवाचार एवं टीएलएम को विशेष पहचान देते हुए अमित शर्मा कक्षा में विद्यार्थियों को टीएलएम (Teaching Learning Material) एवं नवाचार की सहायता से अध्यापन कराते हैं । वर्ष 2024 एवं 2025 में उन्हें मंडल स्तर पर बेस्ट टीएलएम के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ । वर्ष 2024 में जनपदीय कला समेकित शिक्षणशास्त्र प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया | इसके अतिरिक्त डायट हापुड़ में आयोजित नवाचार मेले में भी वर्ष 2024 एवं 2025 में उन्हें बेस्ट नवाचार के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है ।
अमित शर्मा ने वर्ष 2006 में एस.एस.वी. डिग्री कॉलेज, हापुड़ में बी.एस.सी. प्रथम वर्ष के 35 छात्र-छात्राओं को लगातार 101 घंटे पढ़ाकर विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित किया था, जो आज भी शिक्षा जगत में चर्चा का विषय है ।


