गाजियाबाद
लोनी में सरकारी बंजर जमीन पर अवैध कब्जा
प्लॉटिंग से लेकर निर्माण तक का खेल उजागर — शिकायतों के बाद भी प्रशासन पूरी तरह बेपरवाह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी तहसील क्षेत्र के ग्राम घरोटी खुर्द स्थित आर्य नगर औद्योगिक क्षेत्र में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा, प्लॉटिंग और बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। खसरा संख्या 80/3/2 राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि दर्ज होने के बावजूद भू-माफियाओं ने जमीन पर कब्जा कर उसे छोटे-छोटे प्लॉटों में बांटकर खुलेआम बेच दिया। अब हालात यह हैं कि यहां निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, मानो सरकारी जमीन नहीं बल्कि निजी कॉलोनी विकसित की जा रही हो।
हिंदू युवा वाहिनी के जिला मंत्री शुभम कुमार ने उपजिलाधिकारी लोनी को शिकायत देकर तत्काल राजस्व जांच, अवैध कब्जे हटाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं भारतीय किसान संघ की उत्तर प्रदेश मंत्री संगीता ठाकुर ने भी 27 अगस्त 2025 को इसी मामले में अवैध बिक्री और निर्माण की शिकायत की थी।
चौंकाने वाली बात यह है कि छह महीने बीतने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली और राजस्व कर्मियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना है कि जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करते हैं या शिकायतें फाइलों में ही दबी रह जाएंगी।
