मथुरा
मथुरा में मसानी से भूतेश्वर तक सड़क विकास कार्य शुरू: मेयर ने किया भूमि पूजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा से वृंदावन को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर उत्तर प्रदेश सरकार की “मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम” के तहत विकास कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना में मसानी से भूतेश्वर तक सड़क का पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। बुधवार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राजू यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में सड़क को आधुनिक और मजबूत बनाया जाएगा। योजना के तहत मार्ग से गुजरने वाली ओवरहेड यूटिलिटीज जैसे बिजली की लाइनें और केबल आदि को अंडरग्राउंड किया जाएगा। इससे शहर का सौंदर्य बढ़ेगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक और मजबूत नालियों का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना में सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को हटाकर व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे, जिससे व्यापारियों को सुगम स्थान मिल सकेगा और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी। सड़क का निर्माण उच्च गुणवत्ता की सामग्री से किया जाएगा ताकि मार्ग लंबे समय तक टिकाऊ बना रहे।यह मार्ग मथुरा और वृंदावन के बीच प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आवागमन करते हैं। सड़क के विकसित होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी। स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने इस योजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



