ललितपुर
जमीन विवाद में गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले के मसौरा बैरियल चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिर्चवारा में जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीडि़त ने चौकी प्रभारी मसौरा बैरियल को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, ग्राम निवारा निवासी अमरचंद पुत्र नन्हे गंगाराम प्रजापति ने बताया कि 12 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे वह अपने भाई और माता के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि दबंगों ने पीड़ित व उसके छोटे भाई के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीडि़त का आरोप है कि उक्त लोग उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और जमीन को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि जब पीडि़त पक्ष ने जमीन संबंधी दस्तावेज दिखाने की बात कही तो आरोपियों ने झूठे आरोप लगाते हुए परिवार को पीटने की धमकी दी। पीडि़त का दावा है कि घटना का वीडियो और फोटो साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं। पीडि़त ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
