गाजियाबाद

भाजपा नेता व पार्षद के घर धमाका, आगजनी से हड़कंप

सीसीटीवी कैमरे उड़े, परिवार ने छत से भागकर बचाई जान; पुलिस बोली– इलेक्ट्रिक फॉल्ट, परिजनों ने बताया सुनियोजित हमला 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र की डीएलएफ कॉलोनी में वार्ड-10 की पार्षद रेखा गोस्वामी और भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी के आवास पर बुधवार-गुरुवार की देर रात जोरदार धमाके के साथ आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। विस्फोट इतना तीव्र था कि घर में लगे दो सीसीटीवी कैमरे उखड़कर गिर गए और पड़ोसी मकान को भी नुकसान पहुंचा। धुएं से घिरे परिवार ने किसी तरह छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार भवन संख्या सी-67 में भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी अपनी पत्नी पार्षद रेखा गोस्वामी व परिवार के साथ रहते हैं। रात करीब सवा 12 बजे अचानक तेज धमाका हुआ और घर के ग्राउंड फ्लोर पर टीन शेड में आग लग गई। कुछ ही पलों में धुआं पूरे घर में फैल गया, जिससे बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया। ऐसे में परिवार के सदस्य छत पर पहुंचे और पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।
मानसिंह गोस्वामी ने बताया कि घटना के समय उनके 85 वर्षीय माता-पिता, बहन और अन्य परिजन घर में सो रहे थे। धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई। उनका आरोप है कि घर पर पेट्रोल बम जैसे ज्वलनशील पदार्थ फेंके गए, जिससे विस्फोट हुआ। उन्होंने इसे सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए कहा कि पिछले दिनों उनके छोटे भाई पर भी हमला हुआ था और एक सप्ताह में चार घटनाएं हो चुकी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही शालीमार गार्डन पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने शुरुआती जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक फॉल्ट बताया है।
हालांकि गोस्वामी परिवार पुलिस के दावे से संतुष्ट नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच व सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहा है। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button