सिंगरौली

जूते पहनकर ढाबे के पास से गुजरने पर विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या

बरगवां थाना क्षेत्र की घटना, दो आरोपी गिरफ्तार; इलाज के दौरान हुई मौत, क्षेत्र में तनाव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक आदिवासी युवक की मामूली विवाद के बाद बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विष्णु बैगा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विष्णु अपने गांव गुल्ली डांड से कटई पाही में आयोजित एक छठी-बरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में वह कुछ सामान खरीदने के लिए रवि ढाबा के पास रुका। बताया जा रहा है कि वहां पहले से मौजूद विक्रम बैस और केशव बैस शराब पी रहे थे।
बताया गया कि विष्णु के जूते पहनकर ढाबे के पास से गुजरने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते
कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों युवकों ने विष्णु बैगा पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल विष्णु को उपचार के लिए बैढ़न के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि रात करीब 11 बजे मारपीट की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभ में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की
विवेचना जारी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button